
स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की के झबरेड़ी कला डबल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहन और पड़ोसी युवक की हत्या के आरोप में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन कश्यप को देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के अनुसार अमन कश्यप पर अपनी बहन रूपा और पड़ोसी युवक मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।


वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी और कई टीमों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया था।


एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक देर रात पुलिस को आरोपी के झबरेड़ा क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।


पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमन कश्यप के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मिले हथियार और अन्य साक्ष्यों की जांच भी शुरू कर दी है।




पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा बहन के कथित प्रेम प्रसंग से नाराज होने की बात सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि इसी बात को लेकर वह तनाव और नाराजगी में था। हालांकि उसके बयान और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच अभी जारी है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी अमन कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों, हथियार और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

