एसएसबी महानिदेशक का एक दिवसीय दौरा, सीमांत मुख्यालय रानीखेत में जवानों से की मुलाकात

एसएसबी महानिदेशक का एक दिवसीय दौरा, सीमांत मुख्यालय रानीखेत में जवानों से की मुलाकात

स्थान-रानीखेत

सशस्त्र सीमा बल (SSB) के महानिदेशक ने मंगलवार को सीमांत मुख्यालय, रानीखेत का एक दिवसीय दौरा किया। उनके आगमन पर सीमांत मुख्यालय रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार ने पंतनगर हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

दौरे के दौरान महानिदेशक ने काठगोदाम में आवागमन शिविर, ज्योलीकोट शिविर और मुख्यालय अल्मोड़ा का निरीक्षण किया। अल्मोड़ा पहुंचने पर उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने एक पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया और जवानों व अधिकारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने और त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

महानिदेशक ने जवानों के बेहतर स्वास्थ्य पर विशेष बल देते हुए मोटापे के विरुद्ध जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने की बात कही। साथ ही उन्होंने जवानों की शिकायतों के समाधान हेतु शुरू किए गए GMS पोर्टल की सराहना की और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

सीमांत मुख्यालय रानीखेत में उनके आगमन पर उप महानिरीक्षक परीक्षित बेहेरा ने उनका स्वागत किया और बल की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। इसके बाद डी. बी. सोनार, उप महानिरीक्षक (प्रचालन) द्वारा महानिदेशक को सीमांत क्षेत्र में चल रही प्रशासनिक और प्रचालन गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

महानिदेशक ने सीमा क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण, संचार सुविधाओं की उपलब्धता, जवानों की मूलभूत आवश्यकताओं तथा सीमा चौकियों के निर्माण जैसे विषयों पर गहन चर्चा की और सुधार के लिए जरूरी निर्देश दिए।

अंत में उन्होंने जवानों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए बल द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की और विश्वास दिलाया कि बल कार्मिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है।