


स्थान-रुड़की

रिपोर्ट- प्रवेश राय

किसानों को स्वच्छ, सस्ते और पहाड़ी क्षेत्रों के अनुकूल मशीनीकरण विकल्प प्रदान करने के उद्देश्य से CSIR-CBRI रुड़की और CSIR-CMERI दुर्गापुर द्वारा मंगलवार को ई-ट्रैक्टर और ई-टिलर का लाइव प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम IIT रुड़की परिसर स्थित CBRI में आयोजित हुआ, जिसमें आसपास के 100 से अधिक किसानों ने भाग लिया।



यह आयोजन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी रोड शो का हिस्सा है, जो दिल्ली से शुरू होकर जम्मू, पालमपुर, लुधियाना, रुड़की सहित 11 शहरों से होते हुए कन्याकुमारी तक जाएगा।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि IIT रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने वैज्ञानिकों से किसानों की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए सरल, किफायती और टिकाऊ तकनीक विकसित करने की अपील की। वहीं CSIR-CMERI के निदेशक डॉ. नरेश मुर्मू और CSIR-CBRI के निदेशक प्रो. प्रदीप रामांचरला ने इस तरह की तकनीकों को ग्रामीण विकास और किसानों की आय में वृद्धि के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।


प्रदर्शित ई-ट्रैक्टर (CSIR PRIMA ET11) और ई-टिलर पूरी तरह से इलेक्ट्रिक हैं, जो शून्य प्रदूषण करते हैं और रख-रखाव में आसान हैं। इन्हें विशेष रूप से सीमान्त और महिला किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।


कार्यक्रम के दौरान किसानों को मशीनों का ट्रायल करने का अवसर भी दिया गया और उनकी प्रतिक्रिया को संकलित किया गया। साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि इस तकनीक को MSMEs और एग्री-टेक कंपनियों के सहयोग से गांव-गांव तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है।



