रुद्रपुर: इंदिरा चौक पर स्थित मजार पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

रुद्रपुर: इंदिरा चौक पर स्थित मजार पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई

स्थान – रुद्रपुर
रिपोर्ट – चेतन बतरा

रुद्रपुर के इंदिरा चौक स्थित सैयद मासूम शाह मिया की मजार को प्रशासन ने रातोरात बड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया। प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच बुलडोजर चलाकर मजार को जमींदोज किया और कुछ ही घंटों में पूरा मलबा हटाकर ज़मीन को समतल कर दिया गया।

यह कार्रवाई राज्य सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की गई है। प्रशासन का कहना है कि यह मजार सड़क के बीच में अतिक्रमण की श्रेणी में आती थी, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी।

कार्यवाही के दौरान स्थानीय प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी तरह की स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

तस्वीरों और वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि प्रशासन ने सुनियोजित तरीके से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। मजार के आसपास के इलाके को रात में ही खाली करवा लिया गया था और सुबह तक जगह को पूरी तरह साफ कर दिया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई पर अभी तक स्थानीय लोगों की कोई बड़ी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो सकती है।