लोहाघाट में बनेगा भव्य रामलीला मंच, सीएम धामी ने निभाया वादा – निर्माण कार्य शुरू

लोहाघाट में बनेगा भव्य रामलीला मंच, सीएम धामी ने निभाया वादा – निर्माण कार्य शुरू

स्थान:लोहाघाट( चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा टनकपुर दौरे के दौरान की गई घोषणा के तहत लोहाघाट में भव्य रामलीला मंच के निर्माण के लिए ₹1 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। सोमवार को पंडित प्रकाश पुनेठा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंच की भूमिपूजन एवं नींव रखी गई

इस अवसर पर रामलीला कमेटी अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता के निर्देशन में आयोजित पूजा में लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, और कमेटी के सदस्यगण मौजूद रहे। विधायक अधिकारी ने समस्त क्षेत्रवासियों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह मंच आने वाले समय में सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनेगा।

कमेटी अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता ने कहा कि, “मुख्यमंत्री ने जो वादा किया था, वह निभाया गया है।” उन्होंने बताया कि मंच निर्माण कार्य को रामलीला मंचन से पूर्व पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए एक निगरानी समिति का गठन भी कर लिया गया है ताकि निर्माण कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण हो सके।

मेहता ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल मेहरा, वर्तमान जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा का आभार व्यक्त किया।

रामलीला मंच का निर्माण न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह स्थानीय कलाकारों और जनता को एक स्थायी मंच प्रदान करेगा, जिससे लोहाघाट की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूती मिलेगी।