भाजपा के खिलाफ हरीश रावत का तीखा हमला, बोले – गोलू देवता से करूंगा न्याय की अर्जी

भाजपा के खिलाफ हरीश रावत का तीखा हमला, बोले – गोलू देवता से करूंगा न्याय की अर्जी

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत अपने दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को लोहाघाट पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा पर तीखे शब्दों में हमला बोला। रावत ने भाजपा पर झूठ फैलाने और धार्मिक ध्रुवीकरण के जरिए जनता को बरगलाने का आरोप लगाया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा ने मेरे खिलाफ दो महा-झूठ फैलाए – 2017 में कहा गया कि मैंने जुम्मे की छुट्टी लागू की और 2022 में अफवाह उड़ाई गई कि कांग्रेस सरकार बनने पर मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोली जाएगी। मैं पूछता हूं, बताएं वह आदेश कहां है?”

रावत ने ऐलान किया कि वह मंगलवार को न्याय के देवता गोलू देव के मंदिर में जाकर इन झूठों के खिलाफ न्याय की अर्जी लगाएँगे। उन्होंने कहा, “अब न्याय गोलू देव ही करेंगे। जनता ने भाजपा को शीर्ष पर पहुंचाया है, वही जनता उन्हें पाताल में भी पहुंचा सकती है।”

पूर्व सीएम ने प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत समस्याओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा इन मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए धर्म की राजनीति कर रही है। उन्होंने भाजपा पर देश को “बर्बाद” करने का भी आरोप लगाया और कहा कि “जनता के आशीर्वाद का भाजपा दुरुपयोग कर रही है।”

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उन्होंने आह्वान किया कि वे भाजपा की “मनमानी और झूठ की राजनीति” के खिलाफ जोरदार आवाज उठाएं और जनता को वास्तविक मुद्दों से अवगत कराएं।