लोहाघाट में पेयजल संकट गहराया: जनता परेशान, जल संस्थान के खिलाफ बढ़ा आक्रोश

लोहाघाट में पेयजल संकट गहराया: जनता परेशान, जल संस्थान के खिलाफ बढ़ा आक्रोश

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट में गहराया पेयजल संकट, जनता में आक्रोश

गर्मी के साथ ही लोहाघाट नगर में पानी की किल्लत विकराल रूप ले चुकी है। जल संस्थान द्वारा चार से पांच दिन में नाममात्र की जल आपूर्ति की जा रही है, जिससे नगरवासी नोलों, धारों और हैंडपंपों पर निर्भर होने को मजबूर हैं। कई इलाकों में लोग दो किलोमीटर दूर से पानी ढो रहे हैं। इस गंभीर स्थिति से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए डीएम चंपावत नवनीत पांडे से मुलाकात की और जल्द समाधान की मांग उठाई। वर्मा ने बताया कि पहले तीन दिन में एक बार पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन अब यह अंतराल बढ़कर चार से पांच दिन हो गया है। लोगों को दूषित पानी मिल रहा है और फिर भी जल संस्थान पूरा बिल वसूल रहा है।

पालिका अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो जनता को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

इस मामले पर जल संस्थान के अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि नगर में प्रतिदिन 2160 केएल पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन वर्तमान में केवल 475 केएल पानी ही आपूर्ति किया जा रहा है। इस कमी के कारण जल संकट बढ़ा है।

स्थानीय लोगों ने सरकार से सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को जल्द लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह योजना ही लोहाघाट के जल संकट का स्थायी समाधान हो सकती है। प्रशासन की ओर से समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो जनता का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिल सकता है।