
रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : हल्द्वानी

नैनीताल जिले के भ्रमण पर पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान और विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।


भवाली-बायपास और रातिघाट बाईपास का निरीक्षण: मुख्य सचिव ने नव निर्मित भवाली बायपास, भवाली-रातिघाट बाईपास और कैंचीधाम मंदिर परिसर में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी ली।


पर्यटन सीजन से पहले यातायात सुचारू: उन्होंने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि भवाली-रातिघाट बाईपास में कार्य तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थायी मोटर पुल बन जाने तक वैलिब्रिज से यातायात सुचारू कराया जाए।


श्रद्धालुओं और नागरिकों के लिए सुविधाएं: मुख्य सचिव ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम मंदिर में बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए यातायात और अन्य सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने प्रशासन को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
बाईपास और पुल निर्माण की जानकारी: लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने बताया कि भवाली-सैनिटोरियम से रातीघाट तक 18.15 किलोमीटर बाईपास में से 8 किलोमीटर कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष 10.15 किलोमीटर में पहाड़ कटिंग और सुरक्षा दीवारों का कार्य तेजी से जारी है।

पर्यटन और सौंदर्यीकरण कार्य: मुख्य सचिव ने कैंचीधाम मंदिर परिसर में 40.81 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे पर्यटन विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों, बहुमंजिला कार पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल सेतु का निरीक्षण भी किया।

मालरोड और भू-धसाव रोकथाम: उन्होंने वर्ष 2018 में हुई लोअर मालरोड क्षति और झील की ओर भू-धसाव की रोकथाम हेतु 3.48 करोड़ रुपये से किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों का भी निरीक्षण किया और समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों की मौजूदगी: इस निरीक्षण के दौरान आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, मुख्य अभियंता सिंचाई संजय कुमार शुक्ला, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


