हाईवे किनारे मिला युवक का शव। गला रेतकर हुई हत्या।

हाईवे किनारे मिला युवक का शव। गला रेतकर हुई हत्या।

रिपोर्ट – राजू सहगल।
लोकेशन – किच्छा।

किच्छा- सितारगंज मार्ग पर पुलभट्टा थाना अंतर्गत सड़क किनारे लहूलुहान अवस्था में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। अज्ञात हत्यारों ने युवक की गला रेतकर हत्या कर दी और युवक के शव को पुलभट्टा थाना अंतर्गत फ्लाईओवर पर फेंककर फरार हो गए। अर्धनग्न अवस्था में सड़क किनारे युवक का शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलभट्टा पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त कराने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। फिलहाल पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त एवं मामले के खुलासे के लिए एसओजी सहित तीन टीमों को लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात पुलभट्टा पुलिस को सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग पुलभट्टा थाना अंतर्गत फ्लाईओवर पर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलभट्टा थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

मौके पर करीब 32 वर्षीय युवक का शव अर्ध नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था और मृतक ने केवल अंडरवियर पहना हुआ था। गले पर धारदार हथियार का जख्म मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या गला रेतकर की गई है। थाना अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि आशंका जताई जा रही है कि चलते वाहन से युवक के शव को सड़क पर फेंका गया है तथा मृतक के शरीर पर घसीटे जाने के भी जख्मों के निशान मिले हैं। इस दौरान पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने के काफी प्रयास किए, परंतु कोई सफलता नहीं मिली। थाना अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए तीन टीमों का गठन कर उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों में रवाना किया गया है और एसओजी टीम की भी मदद ली जा रही है। साथ ही पुलभट्टा एवं यूपी की सीमा से सटे क्षेत्रों में भी मृतक की फोटो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। भट्ट ने बताया की पुलिस टीम द्वारा देर रात हाइवे से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की भी सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जांच की जा रही है। युवक का शव मिलने के बाद चर्चाओं का दौर गर्म है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अन्य क्षेत्र में युवक को प्रताड़ित करने के बाद उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई और चलती गाड़ी से हाईवे किनारे शव को फेंक कर हत्यारे मौके से फरार हो गए। फिलहाल घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।