
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने प्रदेश के राष्ट्रीय खेल पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने खिलाड़ियों के लिए ‘आउट ऑफ टर्न जॉब’ पॉलिसी को मंजूरी दे दी है।


इस निर्णय के बाद प्रदेश के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी पाने का रास्ता साफ हो गया है। खेल मंत्री ने इसे खिलाड़ियों के भविष्य और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



मंत्री रेखा आर्य के अनुसार जल्द ही पुलिस, शिक्षा, परिवहन, खेल एवं युवा कल्याण सहित 6 से 7 प्रमुख विभागों में इन खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए विज्ञप्तियां जारी की जाएंगी। पात्र खिलाड़ी निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।


सरकार ने पूरी चयन प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य रखा है। खेल मंत्री के मुताबिक नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया अगले एक से दो महीनों के भीतर पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।


इस नीति की खास बात यह है कि अन्य विभागों में नियुक्त होने वाले खिलाड़ी भी अगले पांच वर्षों तक खेल विभाग से संबद्ध रहेंगे। इससे उन्हें नौकरी के साथ अपने खेल करियर को जारी रखने का अवसर मिलेगा।
पांच वर्ष तक खेल विभाग से जुड़े रहने के दौरान खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी भी कर सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों में सक्रिय बनाए रखने की व्यवस्था की जाएगी।



इन खिलाड़ियों की सेवाओं का उपयोग नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करने में भी किया जाएगा। पदक विजेता खिलाड़ी युवा खिलाड़ियों को कोचिंग, प्रशिक्षण और अपने अनुभव के आधार पर मार्गदर्शन देंगे।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना है। इस फैसले से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ने और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है।

