
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे को लेकर कहा कि उनके प्रवास से पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने नितिन नवीन को सुलझा हुआ और संगठन के प्रति समर्पित नेता बताया।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नितिन नवीन बाल्यकाल से ही संगठन से जुड़े रहे हैं और लंबे राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव के साथ कार्य कर रहे हैं। ऐसे वरिष्ठ नेताओं के प्रवास और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद से संगठन को मजबूती मिलती है।



सीएम धामी ने बताया कि अपने पूर्व प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देहरादून में बुद्धिजीवियों के साथ संवाद किया था। इस दौरान विभिन्न सामाजिक और समसामयिक विषयों पर चर्चा की गई और लोगों के सुझाव भी सुने गए।


उन्होंने कहा कि हालिया प्रवास के दौरान नितिन नवीन हल्द्वानी में 700 से अधिक सदस्यों वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए सक्रिय करने पर चर्चा हुई।


इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रुद्रपुर में सिख-पंजाबी समाज के सम्मेलन में हिस्सा लिया। पंत जयंती कार्यक्रम और सैनिकों के साथ संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भी उन्होंने सहभागिता की और समाज के अलग-अलग वर्गों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के साथ संवाद के दौरान स्टाइपेंड का मुद्दा सामने आया था। सरकार ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की समस्याओं के समाधान और उनके हितों को लेकर लगातार काम कर रही है।



भाजपा के बूथ अध्यक्ष राजेश आर्य के घर राष्ट्रीय अध्यक्ष के जलपान के लिए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इसे किसी राजनीतिक दांव के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह भाजपा की संगठनात्मक परंपरा और संस्कारों का हिस्सा है।

सीएम धामी ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को परिवार का सदस्य माना जाता है और पार्टी की ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से ही बनती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का सामान्य कार्यकर्ताओं के घर जाना इसी पारिवारिक भाव और संगठनात्मक संस्कृति को दर्शाता है।

