शहीद दुर्गा मल पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की सरगर्मियां तेज

शहीद दुर्गा मल पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की सरगर्मियां तेज

स्थान : डोईवाला (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट

शहीद दुर्गा मल पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की ओर से छात्र संघ चुनाव के लिए 29 सितंबर की तिथि घोषित किए जाने के बाद संभावित प्रत्याशियों और छात्र संगठनों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

हालांकि चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचना अभी महाविद्यालय प्रशासन को प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन और छात्र संगठनों ने अपने-अपने स्तर पर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इस बार कॉलेज परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के साथ उत्तराखंड स्टूडेंट फेडरेशन (यूएसएफ) भी चुनाव मैदान में सक्रिय दिखाई दे रही है। इससे चुनावी मुकाबला रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।

चुनाव की संभावित तिथि सामने आते ही विभिन्न पदों के दावेदार छात्रों के बीच जनसंपर्क बढ़ाने में जुट गए हैं। संभावित प्रत्याशी छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर अपनी प्राथमिकताएं और चुनावी मुद्दे उनके सामने रख रहे हैं।

शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में चुनावी माहौल खासा गर्म नजर आया। विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ता दिनभर परिसर में सक्रिय रहे और अपने-अपने संभावित प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करते दिखाई दिए।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने बताया कि कॉलेज प्रशासन भी चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

चुनाव के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए कॉलेज परिसर में प्रवेश व्यवस्था को सख्त किया जा रहा है। छात्रों को पहचान पत्र अथवा फीस की रसीद दिखाने के बाद ही महाविद्यालय परिसर में प्रवेश देने की व्यवस्था की जा रही है।

प्राचार्य डॉ. भट्ट ने कहा कि छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। विश्वविद्यालय से आधिकारिक सूचना प्राप्त होते ही चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।