डीपीएस रानीपुर का तीन दिवसीय गोल्डन जुबली समारोह धूमधाम से संपन्न

डीपीएस रानीपुर का तीन दिवसीय गोल्डन जुबली समारोह धूमधाम से संपन्न

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर का तीन दिवसीय गोल्डन जुबली समारोह उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

समापन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में डीपीएस रानीपुर की शैक्षणिक उपलब्धियों और संस्थान की गौरवशाली यात्रा की सराहना की।

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि उत्तराखंड के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में डीपीएस रानीपुर का विशिष्ट स्थान है। उन्होंने विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।

उन्होंने डीपीएस रानीपुर के गोल्डन जुबली समारोह की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रधानाचार्य के कार्यकाल और विद्यालय के विकास में उनके योगदान की भी सराहना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि गोल्डन जुबली समारोह को यादगार बनाने के लिए तीन दिनों तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सभी कार्यक्रमों में उत्साह और रचनात्मकता के साथ प्रतिभाग किया।

समारोह के दौरान लिटरेचर फेस्टिवल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी के प्राचीन तथा आधुनिक कवियों और साहित्यकारों के जीवन, रचनाओं और साहित्यिक योगदान से जुड़ी जानकारियां प्रस्तुत कीं।

इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियां और खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की 50 वर्षों की उपलब्धियों और परंपरा को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया।

प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि गोल्डन जुबली केवल विद्यालय की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और अवसर देने के संकल्प का भी प्रतीक है। समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।