
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


शुक्रवार को बैंकों की हड़ताल का असर हरिद्वार में भी देखने को मिला। शहर में कई बैंक शाखाओं पर ताले लटके रहे, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुईं।


यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी प्रेमनगर आश्रम के बाहर एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।



प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।



बैंक कर्मचारियों का कहना है कि बैंकों के मर्जर को करीब तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू नहीं की गई है।


कर्मचारियों के अनुसार लगातार बढ़ते काम के बोझ के कारण बैंकिंग कर्मचारियों पर दबाव काफी बढ़ गया है। उनका कहना है कि कम कर्मचारियों में अधिक कार्य कराया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उनकी समस्याओं और मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।



बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और कार्य व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

हड़ताल के चलते आम ग्राहकों को भी बैंक संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर देखने को मिला।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

