हरिद्वार में अपर रोड धंसी, सड़क पर बना गहरा गड्ढा

हरिद्वार में अपर रोड धंसी, सड़क पर बना गहरा गड्ढा

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

हरिद्वार के व्यस्त अपर रोड क्षेत्र में नगर कोतवाली के पास सड़क अचानक धंस गई। सड़क धंसने से मौके पर गहरा गड्ढा बन गया, जिसके बाद वहां वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।

घटना के समय सड़क पर यातायात जारी था, लेकिन गनीमत रही कि कोई वाहन गड्ढे की चपेट में नहीं आया। अचानक सड़क धंसने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित हिस्से को घेरकर यातायात को नियंत्रित किया गया।

अपर रोड हरिद्वार का बेहद व्यस्त और यात्री बाहुल्य क्षेत्र है। यहां दिनभर स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क धंसने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय व्यापारियों ने घटना को लेकर पीडब्ल्यूडी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क की गुणवत्ता और रखरखाव पर गंभीरता से ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

व्यापारियों के मुताबिक जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां हाल ही में मरम्मत का काम कराया गया था। इसके बावजूद सड़क के अचानक धंसने से निर्माण और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों से सड़क धंसने के कारणों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी विभाग या संबंधित एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क को जल्द से जल्द सुरक्षित और यातायात योग्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल पीडब्ल्यूडी की टीम सड़क की मरम्मत में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोग और व्यापारी मांग कर रहे हैं कि केवल गड्ढा भरने तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच कर स्थायी समाधान किया जाए।