
स्थान : चम्पावत
ब्यूरो रिपोर्ट


जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने आमजन से जान-माल की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी और अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।


जिलाधिकारी ने कहा कि अतिवृष्टि के दौरान पर्वतीय मार्गों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त सड़कों पर अनावश्यक आवागमन से बचना बेहद जरूरी है। उन्होंने खराब मौसम के दौरान गैर जरूरी यात्रा नहीं करने और मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी है।




डीएम मनीष कुमार ने जनपद के नागरिकों से नदियों, गधेरों, नालों और घाटियों के किनारे नहीं जाने की अपील की है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को ऐसे जोखिम वाले स्थानों पर जाने से रोकने और बारिश के दौरान उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा है।


शारदा नदी सहित जिले की अन्य नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।



खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने, पेड़ों के गिरने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को ऐसे संभावित खतरनाक स्थानों से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान अचानक मलबा और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए भी सावधानी बरतने को कहा गया है।

वाहन चालकों के लिए भी प्रशासन ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उनसे मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अत्यंत सावधानी से वाहन चलाने तथा तेज बहाव वाले नालों, जलभराव और मलबे से प्रभावित रास्तों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है।




जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन संवेदनशील और आपदा संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहा है। संबंधित विभागों के साथ एसडीआरएफ को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।


डीएम ने लोगों से बारिश और आपदा से संबंधित अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक केवल प्रशासन और अन्य अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस अथवा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को देने को कहा गया है।
लगातार बारिश के बीच जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने तथा प्राप्त होने वाली किसी भी आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

