
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


पछुवा देहरादून के खुशहालपुर क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन से अधिक मकानों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के मुताबिक, इन मकानों का निर्माण सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर किया गया था और संबंधित संपत्तियां गोहत्या तथा ड्रग्स तस्करी जैसे मामलों में आरोपी बताए गए लोगों से जुड़ी हैं।


जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार की अगुवाई में भारी पुलिस फोर्स के साथ कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन की टीम ने चिह्नित अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की।




प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों की संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की गई थी। इसके बाद उन्हें नोटिस जारी किए गए। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों में कई ऐसे लोग शामिल हैं, जिनके खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।



एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि कार्रवाई की जद में आए लोग पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं। उनके खिलाफ गोहत्या, ड्रग्स तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी भूमि पर कब्जे सहित कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से संबंधित रिकॉर्ड की जांच के बाद कार्रवाई की जा रही है।


डीएम आशीष चौहान के मुताबिक, खुशहालपुर क्षेत्र में सक्रिय बताए जा रहे आमिर के मकान को भी ध्वस्त किया गया है। प्रशासन के अनुसार आमिर के खिलाफ 21 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसी तरह मेहराज के खिलाफ आठ, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद मिर्ची के खिलाफ आठ और मोहसिन के खिलाफ 15 गंभीर मामले दर्ज बताए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार फैजान के खिलाफ 19 मुकदमे और कौसर के खिलाफ ड्रग्स से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। इन लोगों से संबंधित सरकारी भूमि पर बने मकानों को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने कहा कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।



मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार को ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि बाहरी राज्यों से आए कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और गोहत्या तथा ड्रग्स तस्करी जैसी गतिविधियों में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों की पृष्ठभूमि की जांच में कई मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन की ओर से विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

खुशहालपुर में हुई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। बुलडोजर कार्रवाई के बाद क्षेत्र में प्रशासन की सख्ती को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

