मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया कालापातल-सलियाकोट-अनर्पा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ शीघ्र काम पूरा करने के निर्देश

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया कालापातल-सलियाकोट-अनर्पा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता के साथ शीघ्र काम पूरा करने के निर्देश

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक में कालापातल से सलियाकोट-अनर्पा तक मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण कार्य का मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिसके कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मार्ग पर डामरीकरण कार्य के लिए छह करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई।

स्वीकृत धनराशि से मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि काम निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने स्पष्ट कहा कि डामरीकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र की जनता को आवागमन में हो रही दिक्कतों से राहत मिल सके।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा मजबूत होने से स्थानीय लोगों, किसानों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा। साथ ही आवागमन सुगम होने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कालापातल-सलियाकोट-अनर्पा मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।