सहसपुर में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का पीला पंजा, खुशहालपुर में बुलडोजर एक्शन

सहसपुर में अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का पीला पंजा, खुशहालपुर में बुलडोजर एक्शन

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। कार्रवाई के दौरान खुशहालपुर इलाके में चिन्हित अवैध निर्माणों पर प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा।

अभियान की शुरुआत खुशहालपुर क्षेत्र से हुई, जहां सरकारी भूमि पर बने चिन्हित अवैध मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रहकर एक-एक कर अवैध निर्माणों को हटाने में जुटी है।

बताया जा रहा है कि गोकशी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में शामिल रहे आरोपियों से जुड़े अवैध कब्जों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। प्रशासन की ओर से सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को चिह्नित करने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है।

खुशहालपुर के बाद प्रशासन का अभियान जस्सोवाला क्षेत्र में भी चलाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, दोनों क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक अवैध अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं, जो लंबे समय से सरकारी भूमि पर बने हुए बताए जा रहे हैं।

कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। मौके पर तहसील प्रशासन की टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की मौजूदगी का उद्देश्य किसी भी तरह के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटना है।

फिलहाल खुशहालपुर में हल्के विरोध के बीच प्रशासन की कार्रवाई जारी है। बुलडोजर की मदद से चिन्हित अवैध निर्माणों को एक-एक कर ध्वस्त किया जा रहा है।

प्रशासन के इस अभियान के बाद सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चिह्नित अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खुशहालपुर के बाद जस्सोवाला में प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर भी लोगों की नजर बनी हुई है। प्रशासन के इस अभियान को सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।