भरसार छात्रा मधु यादव की मौत का मामला गरमाया, कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

भरसार छात्रा मधु यादव की मौत का मामला गरमाया, कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

स्थान : पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

भरसार छात्रा मधु यादव की मौत का मामला अब सड़क से सियासी गलियारों तक पहुंच गया है। गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के भरसार पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सामने आया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रा की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय करने के साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की।

भरसार पहुंचे गणेश गोदियाल ने छात्रों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रा मधु यादव को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी। छात्रों के अनुसार संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और डॉक्टर की उपलब्धता लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सवाल और गंभीर हो गए हैं।

गोदियाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता कर संस्थान में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से उन्हें बताया गया कि डॉक्टर की नियुक्ति की प्रक्रिया गतिमान है। इस पर गोदियाल ने स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर वार्ता की और भरसार में जल्द से जल्द डॉक्टर की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

छात्रों ने कहा कि भरसार जैसे दूरस्थ क्षेत्र में महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान होने के बावजूद यदि आपात स्थिति में समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाए तो छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता होना स्वाभाविक है। उन्होंने संस्थान में स्थायी और पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में संचालित शिक्षण संस्थान में स्वास्थ्य सुविधा कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि छात्रों की सुरक्षा से जुड़ी बुनियादी जरूरत है। उन्होंने कहा कि छात्रा की मौत के बाद व्यवस्थाओं में रही कमियों की जांच होना और जिम्मेदारी तय किया जाना बेहद जरूरी है।

गोदियाल ने कहा कि छात्रा की मौत जैसे गंभीर मामले को केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रखा जा सकता। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित शिक्षण संस्थानों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर नहीं है। गोदियाल ने कहा कि भरसार की घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था और संस्थागत जिम्मेदारी से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, नितिन बिष्ट, सुरेंद्र सिंह रावत, ब्लॉक अध्यक्ष चाकीसैंण मंगल सिंह, जिला महासचिव दिनेश कोहली, विक्रम सिंह नेगी, अनिल कुमार, विक्रम सिंह, अमर सिंह, बेगारी सिंह, विनोद रावत, भगत पंवार समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।