
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


जौनसार-बावर के लखवाड़ गांव में पूर्व विधायक स्वर्गीय शूरवीर सिंह चौहान की जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। पैतृक गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माहौल भावपूर्ण और गरिमामय नजर आया। क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में ग्रामीण और उनके समर्थक कार्यक्रम में पहुंचे।


लखवाड़ गांव में जन्मे शूरवीर सिंह चौहान वर्ष 1977 में आपातकाल के बाद चकराता विधानसभा सीट से कांग्रेस की विपरीत विचारधारा के विधायक चुने गए थे। उनके कार्यकाल और क्षेत्र के विकास में योगदान को याद करते हुए ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।



जयंती समारोह में जौनसार-बावर के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। आयोजन में क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपराओं की भी झलक देखने को मिली।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने स्वर्गीय शूरवीर सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा अनावरण के दौरान ग्रामीणों ने स्वर्गीय चौहान के योगदान को याद किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।


कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों और स्वर्गीय शूरवीर सिंह चौहान के परिजनों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय चौहान ने क्षेत्र के विकास और शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए थे।

रामशरण नौटियाल ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में स्वर्गीय चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तीन इंटर कॉलेज, छह हाई स्कूल और 14 अस्पतालों के निर्माण में उनका योगदान रहा।



प्रतिमा स्थापना और जयंती समारोह के माध्यम से ग्रामीणों ने अपने दिवंगत जनप्रतिनिधि को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि स्वर्गीय शूरवीर सिंह चौहान की स्मृतियां और क्षेत्र के विकास में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।


उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक लखवाड़ बांध परियोजना को दोबारा शुरू करवाने में भी स्वर्गीय शूरवीर सिंह चौहान की अहम भूमिका रही। क्षेत्र के विकास के लिए उनके प्रयासों को आज भी लोग याद करते हैं और नई पीढ़ी को उनके कार्यों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

