हल्द्वानी में शुद्धिकरण विवाद को लेकर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी पर मुकदमा वापस लेने की मांग

हल्द्वानी में शुद्धिकरण विवाद को लेकर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी पर मुकदमा वापस लेने की मांग

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण का मामला अब भी राजनीतिक तूल पकड़े हुए है। इस मामले को लेकर कांग्रेस लगातार कार्रवाई की मांग कर रही है। वहीं राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध और तेज हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को यूथ कांग्रेस ने हल्द्वानी में जुलूस निकालकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।

यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ता जुलूस के रूप में हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

विशाल भोजक ने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा और मुख्यमंत्री के दबाव में काम कर रही है। उनका कहना था कि कांग्रेस कार्यकर्ता पिछले कई सप्ताह से रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि शुद्धिकरण करने वाले लोग सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी भी सार्वजनिक कर चुके हैं।

यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में तत्काल एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जबकि कांग्रेस की शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं की गई है।

भोजक ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लिया जाए या फिर रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से कार्रवाई में कथित तौर पर दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर में अपनी मांगों को लेकर पुलिस अधिकारियों के सामने विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और शिकायतों पर कार्रवाई राजनीतिक दबाव से प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

विशाल भोजक ने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया गया और कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो यूथ कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले दिनों में प्रदेशभर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन कर सकती है।

रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रही है, वहीं पूरे मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है, इस पर भी नजर बनी हुई है। फिलहाल यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन ने हल्द्वानी में इस विवाद को एक बार फिर राजनीतिक केंद्र में ला दिया है।