
स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी मामले को लेकर झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती के नेतृत्व में झबरेड़ा और मंगलौर क्षेत्र के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम चौक पर एकत्र हुए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसपी देहात कार्यालय पहुंचे।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण में शामिल भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। विधायक वीरेंद्र जाती के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी देहात को तहरीर सौंपते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की।



इस दौरान विधायक वीरेंद्र जाती ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां संविधान की मूल भावना के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि देश संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए कानून और संविधान के आधार पर चलता है और सभी राजनीतिक दलों को संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करना चाहिए।

विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना सामाजिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।



प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है और जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि कांग्रेस विधायक की ओर से मामले में मुकदमा दर्ज कराने के संबंध में तहरीर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि तहरीर में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मामले को लेकर अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। कांग्रेस जहां इसे सामाजिक सम्मान और संविधान से जुड़ा मुद्दा बता रही है, वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

