
स्थान : रूड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसी मामले को लेकर बुधवार को झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति के नेतृत्व में झबरेड़ा और मंगलौर क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम चौक पर एकत्र हुए।


कार्यकर्ताओं ने यहां से भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और एसपी देहात कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ तहरीर सौंपी।




कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले में जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस तरह की घटनाओं से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।


झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां संविधान की मूल भावना के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संवैधानिक कानून और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखती है।



विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल का कथित ‘शुद्धिकरण’ किया जाना अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


वहीं, एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि कांग्रेस विधायक की ओर से मुकदमा दर्ज कराने के संबंध में तहरीर दी गई है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर अधिकारियों से चर्चा की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई।

