नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट

नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर को नैनीताल जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। चेतावनी को देखते हुए पुलिस और आपदा राहत इकाइयों को सतर्क कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य संबंधित आपदा राहत इकाइयों को भी आवश्यक संसाधनों और आपदा उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है।

एसएसपी ने अधिकारियों को नदी-नालों, गधेरों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने या किसी भी तरह की आपदा की स्थिति सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। संबंधित टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए रखेंगी।

नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क किया जा रहा है। पुलिस की ओर से ऐसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए जागरूक और निर्देशित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

पुलिस ने जिले के लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

पुलिस ने अपील की है कि बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या आपदा राहत दल से संपर्क करें। प्रशासन और राहत एजेंसियां मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।