टनकपुर में खेल महाकुंभ का आगाज, सीएम धामी ने खिलाड़ियों को दी बड़ी सौगात

टनकपुर में खेल महाकुंभ का आगाज, सीएम धामी ने खिलाड़ियों को दी बड़ी सौगात

स्थान : टनकपुर (चम्पावत)
रिपोर्टर – सुभाष चंद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को टनकपुर स्थित स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट खिलाड़ी गहना महर को मशाल सौंपकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन की शपथ ली।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने योगासन के साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक खेल ‘मुर्गा झपट’ का प्रदर्शन किया। पारंपरिक खेल की प्रस्तुति ने दर्शकों का खासा ध्यान आकर्षित किया। समारोह में खेल और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश में ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ गांव की मिट्टी में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास और चरित्र का निर्माण भी होता है।

सीएम ने बताया कि वर्ष 2017 में शुरू हुए खेल महाकुंभ का यह 10वां संस्करण है। पिछले वर्ष इस आयोजन में 2.20 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। इस बार प्रतियोगिता का विस्तार न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक किया गया है, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस वर्ष खेल महाकुंभ के विजेता खिलाड़ियों को लगभग 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश की सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई खेल नीति के तहत अब तक 29 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। वहीं, 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को सेवायोजित करने की प्रक्रिया भी जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

खेल महाकुंभ के तहत 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैम्पियनशिप, 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैम्पियनशिप और 10 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में बालक-बालिका, महिला ओपन और दिव्यांग वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के जीवन की पहली सीढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। सरकार का प्रयास है कि खेल महाकुंभ के माध्यम से प्रदेश के हर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और अवसर मिल सके।