टनकपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की MDMA के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

टनकपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की MDMA के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

स्थान : टनकपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत उत्तराखंड में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में STF की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने टनकपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

STF के अधिकारियों के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर नशे की तस्करी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने कोतवाली टनकपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की।

संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, आशीष और अभिषेक, सभी निवासी रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 244.06 ग्राम MDMA बरामद की है। STF के मुताबिक, बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक TVS मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ और वाहन के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटा रही है।

STF की एंटी नारकोटिक्स यूनिट अब गिरफ्तार आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि MDMA कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान नशे की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का फोकस सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने पर भी है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की ओर से दिए गए निर्देशों के तहत की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और राज्यभर में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

संयुक्त कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विपिन जोशी, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं कोतवाली टनकपुर पुलिस टीम में निरीक्षक चेतन रावत, उपनिरीक्षक जितेंद्र बिष्ट और हेड कांस्टेबल कमल कुमार शामिल रहे।