
स्थान : थराली
ब्यूरो रिपोर्ट


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे और वहां सामने आए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस की ओर से भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। सोमवार को भाजपा कार्यालय थराली में आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक भूपाल राम टम्टा ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।


विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि कांग्रेस लगातार भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार जनहित और प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।



उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून समेत कई सख्त कानून लागू किए गए हैं, जिन्हें सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के तौर पर देखा जा रहा है।

भाजपा विधायक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।



कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भूपाल राम टम्टा ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसी कारण पार्टी सरकार पर आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास और जनसेवा पर आधारित है।
विधायक ने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अब आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से आगे बढ़कर विकास और मूलभूत सुविधाएं चाहती है।



प्रेस वार्ता में विधायक ने थराली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी ब्यौरा रखा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क और संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। थराली विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है और भविष्य में भी जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रेस वार्ता में मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य हरीश सोनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीत नेगी, सभासद नंदू बहुगुणा, भाष्कर पांडे, उमेश पुरोहित, कैलाश जोशी, प्रेम शंकर रावत, सभासद दिवाकर नेगी सहित भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

