
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


जनपद नैनीताल पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले पांच पुलिस कर्मी 31 अगस्त 2026 को ऐच्छिक सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल की ओर से विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके सेवाकाल की सराहना की गई।


ऐच्छिक सेवानिवृत्त होने वालों में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुंवर, अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार जोशी, उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह और उपनिरीक्षक बालकृष्ण शामिल रहे। पांचों पुलिस कर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान अलग-अलग जनपदों में पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।



हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह ने 26 अक्टूबर 1998 को जनपद चम्पावत से कांस्टेबल के पद पर पुलिस सेवा शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने जनपद नैनीताल में भी सेवाएं दीं और 26 नवंबर 2022 को हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नत हुए। करीब 27 वर्ष 10 माह की सराहनीय सेवा के बाद वह ऐच्छिक सेवानिवृत्त हुए।


हेड कांस्टेबल दीपक कुंवर ने 20 अप्रैल 2002 को जनपद चम्पावत से पुलिस सेवा शुरू की थी। उन्होंने चम्पावत, अल्मोड़ा और नैनीताल जनपदों में सेवाएं दीं। 28 मार्च 2023 को उन्हें हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नति मिली। करीब 26 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद उन्होंने 31 अगस्त को ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ली।



अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार जोशी ने 1 अगस्त 1989 को जनपद अल्मोड़ा से कांस्टेबल के पद पर नियुक्त होकर पुलिस सेवा में कदम रखा था। उन्होंने अल्मोड़ा, मुरादाबाद, देहरादून, चम्पावत और नैनीताल में अपनी सेवाएं दीं। हेड कांस्टेबल और इसके बाद अपर उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नति पाने वाले जोशी ने करीब 37 वर्ष की सराहनीय सेवा पूरी की।

उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने 20 अगस्त 1986 को जनपद बरेली से कांस्टेबल के पद पर अपनी सेवा शुरू की थी। उन्होंने बरेली, कानपुर नगर, अल्मोड़ा और नैनीताल में विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं। वर्ष 2008 में हेड कांस्टेबल, वर्ष 2022 में अपर उपनिरीक्षक और दिसंबर 2025 में उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने करीब 40 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ली।



उपनिरीक्षक बालकृष्ण ने 7 दिसंबर 1987 को जनपद नैनीताल से कांस्टेबल के पद पर पुलिस सेवा शुरू की थी। उन्होंने ऊधमसिंहनगर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में अपनी सेवाएं दीं। विभिन्न पदों पर पदोन्नति पाने के बाद वह उपनिरीक्षक बने और करीब 38 वर्ष 8 माह की सराहनीय सेवा पूरी कर 31 अगस्त 2026 को ऐच्छिक सेवानिवृत्त हुए।


विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव और विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण पलों को साझा किया। एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने सभी कर्मियों की सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग को दी गई उनकी सेवाएं अनुकरणीय हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखने की सलाह दी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी सभी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में उन्हें शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, महिला हेल्पलाइन प्रभारी सुनीता कुंवर, चौकी दमुआदूंगा प्रभारी कुमकुम धनिक सहित पुलिस कार्यालय हल्द्वानी और कोतवाली हल्द्वानी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के परिजन भी समारोह में शामिल हुए।

