
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


हल्द्वानी जनसभा स्थल के कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर उत्तराखंड की सियासत लगातार गरमा रही है। मामला अब संसद से लेकर सड़क तक पहुंच चुका है। एक ओर कांग्रेस इस घटना को जातिवादी और अपमानजनक बताते हुए विरोध दर्ज करा रही है, वहीं दूसरी ओर शुद्धिकरण करने वाले संगठन की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।


हल्द्वानी रामलीला मैदान में शुद्धिकरण करने वाले संगठन श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा समिति की ओर से हल्द्वानी कोतवाली में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। संगठन का आरोप है कि राहुल गांधी ने अपने बयानों के माध्यम से उत्तराखंड के दलित समाज को लेकर ऐसा नैरेटिव प्रस्तुत किया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की है।



राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर राजनीतिक प्रपंच करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पूरे मामले को जानबूझकर राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और भाजपा मुद्दे को भटकाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।


कांग्रेस की ओर से प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के थानों में शुद्धिकरण की घटना के खिलाफ तहरीर दें। इसी क्रम में प्रदेशभर के विभिन्न थानों में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से शिकायतें देने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस का कहना है कि कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।


कांग्रेस कमेटी की ओर से पुलिस मुख्यालय में भी शिकायत दी गई है। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने और शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी।

वहीं, मामले को लेकर भाजपा भी कांग्रेस पर हमलावर है। सोमवार को भाजपा देहरादून महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके बयान को उत्तराखंड के सामाजिक सौहार्द के खिलाफ बताया।


भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड के दलित समाज के लोगों को लेकर देश में एक भ्रमित करने वाला नैरेटिव फैलाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी भाईचारा और सौहार्द की परंपरा रही है तथा यहां किसी प्रकार का जातिवाद या भेदभाव नहीं किया जाता।

सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी के बयान से उत्तराखंड के दलित समाज का अपमान हुआ है। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला दहन किया है। भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और राहुल गांधी से अपने बयान को लेकर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
हल्द्वानी के शुद्धिकरण विवाद के बाद अब दोनों प्रमुख राजनीतिक दल आमने-सामने हैं। कांग्रेस जहां मुकदमे की वापसी और शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी में है, वहीं भाजपा राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामले और उनके कथित बयान को मुद्दा बनाकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह विवाद उत्तराखंड की सियासत में और तूल पकड़ने के आसार हैं।

