स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित छमनियां स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।


कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर और महान खिलाड़ी स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। मौजूद लोगों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।



खेलो इंडिया के कोच मोहन सिंह राणा और पूर्व सैनिक मयंक ओली के दिशा-निर्देशन में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ भाजपा नेता सचिन जोशी ने किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


सचिन जोशी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अहम हिस्सा हैं। आज के दौर में युवा खेलों के माध्यम से अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं और देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।


सचिन जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। हल्द्वानी में खेल यूनिवर्सिटी का शुभारंभ किया गया है, जबकि लोहाघाट में प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज भी शुरू हो चुका है।



इस दौरान खेलो इंडिया के कोच मोहन सिंह राणा और पूर्व सैनिक मयंक ओली ने खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा और शानदार खेल के दम पर हॉकी के क्षेत्र में देश का नाम विदेशों में भी रोशन किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्टेडियम में रिले रेस, 400 मीटर दौड़ समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कोच मोहन राणा ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को साइकिल रेस का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की।

