
स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिले के दूरस्थ गांव नीड़ तल्ली में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्र में जिलाधिकारी के पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग की।

जन चौपाल के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से चार लाभार्थियों को मौके पर श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के साथ ही उद्योग, कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।



डीएम ने ग्रामीणों को स्वैच्छिक चकबंदी के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेतीबाड़ी के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और मौन पालन जैसे स्वरोजगार के माध्यम अपनाकर ग्रामीण अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने पर जोर दिया।


पेयजल, सिंचाई और फसलों की सुरक्षा का मुद्दा उठा


ग्राम प्रधान निर्मला पाण्डेय और स्थानीय ग्रामीणों ने पेयजल एवं सिंचाई के स्रोतों के पुनर्भरण की मांग उठाई। इसके साथ ही जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ और चैनलिंक फेंसिंग कराने की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं पर खंड विकास अधिकारी और मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने गांव में सड़क, अस्पताल, आर्थिक सहायता और पेयजल से जुड़ी समस्याएं भी जिलाधिकारी के सामने रखीं। सड़क की मांग पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई हो सके।




छात्राओं ने उठाई वाहन सुविधा की मांग
जन चौपाल में स्कूली छात्राओं ने विद्यालय आने-जाने के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी चम्पावत को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने को कहा। साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने गांव में मतदाता सूची और सत्यापन कार्य का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने गांव के पुस्तकालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को सामने रखा, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

दूरस्थ गांव में आयोजित जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिला। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करना और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं तथा बुनियादी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

