रुद्रपुर में भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मौलाना गिरफ्तार, सरकार को दी थी चेतावनी

रुद्रपुर में भड़काऊ भाषण देने के आरोप में मौलाना गिरफ्तार, सरकार को दी थी चेतावनी

स्थान : उधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रुद्रपुर में मिलाद-उन्नबी के जुलूस के दौरान कथित तौर पर सरकार के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि जुलूस के दौरान मंच से उत्तराखंड सरकार को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई।

बारावफात के मौके पर रुद्रपुर में मुस्लिम समुदाय की ओर से जुलूस निकाला गया था। जुलूस जब त्रिशूल चौक पहुंचा तो वहां कुछ मौलानाओं ने तकरीर शुरू की। इसी दौरान रामपुर निवासी मौलाना मुफ्ती मुजीब अहमद ने कथित तौर पर धामी सरकार के खिलाफ चेतावनी भरे लहजे में बयान दिया।

आरोप है कि मौलाना ने कहा कि अगर सरकार ने मदरसों को बंद किया तो इसका अंजाम सरकार को भुगतना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मुसलमान इसका जवाब देना जानते हैं। मौलाना के कथित भाषण का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने मौलाना के कथित बयान की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह की सोच और धमकी भरी भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने मौलाना के खिलाफ धमकी देने और अलगाववाद से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी।

पुलिस की कार्रवाई तेज होने के बाद मौलाना मुफ्ती मुजीब अहमद ने रुद्रपुर की रमपुरा चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया। ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मौलाना को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, वायरल ऑडियो और वीडियो की भी जांच की गई है। पुलिस ने यह पुष्टि की है कि सामने आया ऑडियो-वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से बनाया या बदला हुआ नहीं है। इसके बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

वहीं, उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किए जाने के बाद मदरसों को प्राधिकरण से अनुमति लेने की व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस के अनुसार, मौलाना मुफ्ती मुजीब रुद्रपुर में एक मदरसा संचालित करते हैं और इसी से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मौलाना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।