स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


हल्द्वानी के रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। मामले को लेकर चल रही सियासत के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, दलित युवकों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ताओं ने उन पर अनुसूचित जाति के खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।



दरअसल, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण कराए जाने को लेकर पहले से ही राजनीतिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है।

बताया गया है कि रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम में शामिल रहे विनोद आर्य और अमित कुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत में राहुल गांधी पर अनुसूचित जाति के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया।


शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर राहुल गांधी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने अमित कुमार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने एफआईआर संख्या 297/2026 के तहत बीएनएस की धारा 196 और 299 के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(q) में मुकदमा दर्ज किया है।




एफआईआर दर्ज होने के बाद रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले में राजनीतिक हलचल और तेज होने की संभावना है। इससे पहले भी इस पूरे प्रकरण को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी रहा है।
अब पुलिस की जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को खंगाला जाएगा। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

फिलहाल राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद हल्द्वानी का यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

