स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने चुनाव से पहले संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जमीनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में कदम उठाते हुए नए प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है।


भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर राज्य के 19 संगठनात्मक जिलों के लिए नए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही पहले से जिम्मेदारी संभाल रहे कुछ पदाधिकारियों के नामों में भी संशोधन किया गया है।


पार्टी नेतृत्व की ओर से किए गए इन बदलावों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा का प्रयास है कि संगठनात्मक जिलों में जिम्मेदार पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाए और पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।


मनवीर चौहान ने कहा कि इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि नए प्रभारियों और सह प्रभारियों के माध्यम से जिलों में पार्टी के काम को गति मिलेगी और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को भी जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाएंगे।


भाजपा का फोकस अब घर-घर संपर्क के माध्यम से सीधे जनता से संवाद बढ़ाने पर है। इसके तहत कार्यकर्ता अभियान के रूप में लोगों के बीच जाएंगे और सरकार की उपलब्धियों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।



पार्टी नेताओं के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाना प्राथमिकता है। इसके लिए जिला स्तर पर नियुक्त किए गए प्रभारी और सह प्रभारी संगठन की गतिविधियों की निगरानी के साथ कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
भाजपा की रणनीति में संगठनात्मक सक्रियता के साथ जनता से सीधा संवाद भी अहम माना जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि कार्यकर्ताओं की पहुंच प्रत्येक बूथ और घर तक हो, जिससे चुनाव से पहले संगठन की स्थिति को और मजबूत किया जा सके।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि संगठन को धार देने के साथ पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएंगे। 19 संगठनात्मक जिलों में नई जिम्मेदारियां इसी अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

