स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार


ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान से तहसील परिसर तक पैदल मार्च निकाला और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के जल्द समाधान की मांग की।


प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी तुषार सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री और पशुपालन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं की संख्या पर रोक लगाने और जल्द से जल्द गौशाला शुरू कराने की मांग की गई।



प्रदर्शन में शामिल विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर गौशाला शुरू नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आवारा पशुओं को लेकर तहसील परिसर में पहुंचेंगे।

विधायक कापड़ी ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इससे जहां सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, वहीं किसानों की मेहनत से तैयार फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सिंह राठौर ने भी प्रशासन से तत्काल गौशाला शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोगों को लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या से जूझना पड़ रहा है और अब इसके स्थायी समाधान की जरूरत है।


प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश राठौर और अरविंद कुमार ने कहा कि आवारा पशु सड़कों पर घूमते रहते हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं खेतों में पहुंचकर ये पशु किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।



कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि 15 दिन बाद बड़ी संख्या में आवारा पशुओं को लेकर तहसील परिसर पहुंचने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, एसडीएम तुषार सैनी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ज्ञापन प्राप्त करते हुए बताया कि ज्ञापन शासन को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गौशाला निर्माण की प्रक्रिया चल रही है और इसके करीब दो से तीन माह में तैयार होने की उम्मीद है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। अब प्रशासन की ओर से गौशाला निर्माण और संचालन को लेकर की जाने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

