हरिद्वार के फ्लाईओवर पर थार चालक की दबंगई, बस चालक को कुचलने की कोशिश; आरोपी फरार

हरिद्वार के फ्लाईओवर पर थार चालक की दबंगई, बस चालक को कुचलने की कोशिश; आरोपी फरार

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

मोतीचूर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार थार चालक को वाहन धीरे चलाने की सलाह देना एक बस चालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि नाराज थार चालक ने गुस्से में बस चालक और वहां मौजूद अन्य लोगों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। घटना में बस चालक घायल हो गया, जबकि आरोपी थार चालक मौके से फरार हो गया।

घटना रायवाला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर से गुजरते समय बस और थार वाहन की आपस में भिड़ंत होते-होते बची। इसके बाद बस चालक ने थार चालक को रोककर वाहन सावधानी से चलाने की सलाह दी और कहा कि तेज गति से वाहन चलाने पर दुर्घटना हो सकती है।

बताया जा रहा है कि बस चालक की यह बात थार चालक को नागवार गुजरी। आरोप है कि वह गुस्से में भड़क गया और उसने अचानक थार को बस चालक तथा वहां मौजूद अन्य लोगों की ओर दौड़ा दिया।

इस दौरान बस चालक को वाहन की चपेट में आने से चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बस चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद थार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वाहन चालक की हरकत को लेकर लोग नाराजगी जता रहे हैं।

घटना की सूचना रायवाला थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी थार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रायवाला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी थार चालक की तलाश की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।