स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और युवाओं, महिलाओं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस ने इस जनसभा को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी शंखनाद बताया।


खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में महिलाओं और युवाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार और अपने अधिकारों की मांग करने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज और गोलीबारी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।



कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तराखंड में पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड पेपर लीक का केंद्र बनता जा रहा है और नकल विरोधी कानून बनाए जाने के बावजूद इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं में निराशा बढ़ रही है।


खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी तीखी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतर सकी और जनता अब सरकार की नीतियों को समझ चुकी है।

जनसभा में खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और बेरोजगारी की समस्या दूर करने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया।



खड़गे ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता भाजपा को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की धरती से कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।


कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि आगामी चुनाव में उत्तराखंड के साथ देश के अन्य राज्यों में भी कांग्रेस को जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर युवाओं और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी और रोजगार तथा बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंच से कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए जनता से आगामी चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी की सभा के बाद पार्टी अब 2027 के चुनाव को लेकर प्रदेशभर में अपना अभियान तेज करेगी।

