हल्द्वानी पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, रामलीला मैदान में जनसभा

हल्द्वानी पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, रामलीला मैदान में जनसभा

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान पहुंचे, जहां कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। खरगे के पहुंचते ही सभा स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य संबोधित कर रहे हैं। उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश दिखाई दिया और कांग्रेस नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों का संदेश दिया।

खरगे के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सभा में पहुंचने की अपील की थी। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे।

सभा स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। मंच से पार्टी के वरिष्ठ नेता केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को लेकर अपने विचार रख रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अपने संबोधन में कांग्रेस की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

कांग्रेस ने इस जनसभा को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक शंखनाद के तौर पर पेश किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनसभा के माध्यम से प्रदेश में कांग्रेस के अभियान को गति देने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का प्रयास किया जा रहा है।

खड़गे के हल्द्वानी पहुंचने के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा जांच और यातायात प्रबंधन किया गया।

फिलहाल रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा जारी है और जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन का इंतजार किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश की राजनीति और आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति सामने आने की संभावना है।