श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, बुमराह-जडेजा की वापसी; सारांश जैन को पहली बार मौका

श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, बुमराह-जडेजा की वापसी; सारांश जैन को पहली बार मौका

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस दौरे पर टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल संभालेंगे, जबकि केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। चयनकर्ताओं ने अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के संतुलन के साथ 15 सदस्यीय टीम चुनी है।

श्रीलंका दौरे पर भारत को दो टेस्ट मैच खेलने हैं। पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा। टीम इंडिया की नजरें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र में अपनी स्थिति मजबूत करने पर होंगी।

टीम चयन की सबसे बड़ी खबर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी है। हालांकि बुमराह की उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी। चोट के कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में टीम का हिस्सा नहीं थे। बल्लेबाज साई सुदर्शन का चयन भी फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन रखा गया है।

चयनकर्ताओं ने पहली बार मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को टेस्ट टीम में शामिल किया है। 33 वर्षीय सारांश जैन बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 188 विकेट हासिल किए हैं और 2223 रन बनाए हैं। चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की गैरमौजूदगी में चयनकर्ताओं ने सारांश पर भरोसा जताया है।

वहीं घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को एक बार फिर निराशा हाथ लगी है। रणजी ट्रॉफी के पिछले सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में भी उनका चयन नहीं हुआ था।

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह (फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और सारांश जैन को शामिल किया गया है।