भारी बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे पर दलदल में फंसी पिकअप, उफनते नाले में बही बाइक

भारी बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे पर दलदल में फंसी पिकअप, उफनते नाले में बही बाइक

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर पर्वतीय क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली-यमुनोत्री मोटरमार्ग पर झरने से कुछ आगे स्थित नाले के पास एक पिकअप वाहन दलदल में फंस गया। इस दौरान लगातार बारिश के चलते पहाड़ी से मलबा गिरता रहा, जिससे वाहन चालक और मार्ग से गुजर रहे लोगों की चिंता बढ़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के कारण सड़क किनारे कीचड़ और दलदल बन गया, जिसमें पिकअप वाहन फंस गया। वहीं पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण कुछ समय तक मार्ग पर आवाजाही भी प्रभावित रही। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दूसरी ओर डेम साइड से लोहारी जाने वाले मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में एक बाइक बह गई। राहत की बात यह रही कि बाइक सवार ने समय रहते खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा बना हुआ है। ऐसे हालात में सड़क मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही उफनते नालों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बारिश को देखते हुए संबंधित विभाग और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से मौसम विभाग तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।