

स्थान – गदरपुर
रिपोर्टर – विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सरदारपुर गांव के पास कार से जा रहे तीन युवकों को दूसरी कार में सवार कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि पहले युवकों के साथ मारपीट की गई और इसके बाद उन पर फायरिंग कर दी गई। फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रुद्रपुर रेफर कर दिया गया।



क्षेत्राधिकारी बाजपुर अखिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सरदारपुर क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि गगन नामक युवक के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।


पुलिस के अनुसार, घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। प्रथम दृष्टया स्थानीय लोगों से मिली जानकारी में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना में शामिल आरोपियों की सही संख्या और उनकी पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटना से जुड़े वीडियो की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



