

स्थान : खटीमा (ऊधम सिंह नगर)
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा तहसील क्षेत्र के ग्राम सैजना-पटपुरा में खेत से पानी निकासी को लेकर विवाद सामने आया है। एक ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि पड़ोसी द्वारा पानी निकासी की पाइप बंद कर दिए जाने से खेत में जलभराव हो गया, जिससे उसकी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं दूसरी ओर प्रतिवादी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।


ग्राम सैजना-पटपुरा निवासी ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके खेत से वर्षों से एक निर्धारित मार्ग से पानी की निकासी होती रही है। आरोप है कि पड़ोसी वीरेंद्र सिंह ने निकासी पाइप में मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया, जिसके कारण खेत में चार से पांच फीट तक पानी भर गया और धान की फसल बर्बाद हो गई।


शिकायतकर्ता का कहना है कि खेत में लगातार पानी भरा रहने से फसल को और अधिक नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कराने और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।


वहीं मामले में प्रतिवादी पक्ष ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर सभी आरोपों को खारिज किया है। प्रतिवादी का कहना है कि वीरेंद्र सिंह उनकी भूमि पर जबरन नाला बनाने का प्रयास कर रहे हैं और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।
मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारी गीता गौतम ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


फिलहाल खेत की पानी निकासी को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तविक स्थिति क्या है और समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।



