

ब्यूरो रिपोर्ट

राजधानी दिल्ली में बुधवार को मौसम ने करवट ली और सुबह से ही तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद समेत कई इलाकों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं, कई जगहों पर जलभराव की स्थिति पैदा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक राजधानी में बादल छाए रहने के साथ तेज बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।


बारिश के कारण दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव देखने को मिला। सदर बाजार, मंडी हाउस, संसद क्षेत्र समेत कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया। सदर बाजार इलाके में स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही, जहां थोड़ी देर की तेज बारिश के बाद सड़कें पानी से लबालब हो गईं। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी सुबह के बाद तेज बारिश हुई। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव और धीमी यातायात व्यवस्था ने परेशानी बढ़ा दी। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे तक 32.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं रिज में 37.6 मिलीमीटर, लोदी रोड में 36.7 मिलीमीटर, आयानगर में 4 मिलीमीटर और पालम में 0.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पहले भी मंगलवार को राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई थी।

बारिश के चलते दिल्ली का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



