

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जिले के लक्सर तहसील क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर में ग्राम समाज की भूमि पर खड़े हरे पेड़ों की कटाई की तैयारी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हरे-भरे पेड़ों को सूखा दर्शाकर कटान की अनुमति प्राप्त की गई है, जिससे ग्राम समाज की संपत्ति और पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है।


मामले को लेकर शिकायतकर्ता अभिषेक सैनी समेत अन्य ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी लक्सर और जिलाधिकारी हरिद्वार को शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन पेड़ों को काटने की तैयारी की जा रही है, वह पूरी तरह हरे-भरे हैं और उन्हें सूखा बताकर अनुमति लेना नियमों के विपरीत है।



ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पेड़ कटान से संबंधित अनुमति को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम समाज की भूमि पर लगे पेड़ सार्वजनिक संपत्ति हैं, इसलिए इनके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रशासन की है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यदि बिना जांच के पेड़ों की कटाई की गई तो इससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचेगा, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ग्रामीणों ने मामले की जांच पूरी होने तक पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने आरोपों की जांच कर संबंधित ग्राम प्रधान के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन कर अनुमति प्राप्त की गई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है। ग्रामीणों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि शिकायत के बाद प्रशासन जांच शुरू करता है या नहीं और पेड़ कटान को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।



