
स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में चल रहे दो दिवसीय दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन भी छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह की शुरुआत संस्थान के कुलगीत के साथ हुई।

दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं ऑयल मैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के एमडी डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।



समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का संस्थान की ओर से स्वागत किया गया। इसके बाद दीक्षांत समारोह की औपचारिक कार्यवाही शुरू हुई और विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।


दूसरे दिन कुल 1424 पीएचडी और मास्टर्स विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जानी हैं। उपाधि हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं में समारोह को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।



डिग्री हासिल करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थी अपने परिजनों के साथ आईआईटी रुड़की पहुंचे। परिसर में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल बना रहा और विद्यार्थी अपने सहपाठियों तथा परिवार के साथ यादगार तस्वीरें लेते नजर आए।

दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ शोध, तकनीकी नवाचार और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आईआईटी रुड़की के योगदान को भी प्रमुखता से रेखांकित किया गया।



संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और अपने ज्ञान व तकनीकी दक्षता का उपयोग देश और समाज के विकास में करने के लिए प्रेरित किया गया।

दो दिवसीय दीक्षांत समारोह के समापन के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय पूरा होगा। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके परिजनों में इस उपलब्धि को लेकर खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

