बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में बुधवार की सुनवाई टली, गुरुवार को आ सकता है अहम फैसला

बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में बुधवार की सुनवाई टली, गुरुवार को आ सकता है अहम फैसला

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई टल गई। अब यह मामला गुरुवार की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है। मामले में महत्वपूर्ण आदेश आने की संभावना को देखते हुए स्थानीय लोगों की निगाहें सर्वोच्च न्यायालय पर टिकी हुई हैं।

बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद लंबे समय से चर्चा में बना हुआ है। इस मामले से बड़ी संख्या में परिवारों का भविष्य जुड़ा हुआ है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं गुरुवार को प्रस्तावित सुनवाई के मद्देनजर हल्द्वानी में पुलिस प्रशासन और खुफिया विभाग सतर्क हो गया है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

फिलहाल बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में गुरुवार की सुनवाई को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना होगा कि सुप्रीम कोर्ट इस महत्वपूर्ण मामले में क्या आदेश देता है।