क्राइम मीटिंग में नशा तस्करों पर सख्ती, त्योहारी सीजन में पुलिस अलर्ट

क्राइम मीटिंग में नशा तस्करों पर सख्ती, त्योहारी सीजन में पुलिस अलर्ट

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारी सीजन को लेकर आयोजित क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि नशा तस्करी से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे की रोकथाम में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अग्नि सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अस्पतालों, होटलों, रेस्टोरेंटों और पटाखों के गोदामों सहित अन्य संस्थानों का फायर ऑडिट कराने को कहा, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों को नोटिस जारी किया जाए। इसके बाद भी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आगामी चुनावों के मद्देनजर असामाजिक तत्वों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ अधिक से अधिक प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए, जो कानून-व्यवस्था प्रभावित कर सकते हैं।

त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी विस्तृत तैयारी करने को कहा गया। प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाने और यातायात प्रबंधन के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने शाम और रात के समय चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की नियमित जांच कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।