भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा स्थगित, सीएम धामी ने श्रद्धालुओं से की सुरक्षित रहने की अपील

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा स्थगित, सीएम धामी ने श्रद्धालुओं से की सुरक्षित रहने की अपील

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जगह-जगह सामने आ रही भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी समेत प्रदेश के कई जिलों में तड़के से ही भारी बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण कई मार्गों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल चारधाम यात्रा को रोका गया है। जैसे ही मौसम में सुधार होगा और सभी मार्ग सुरक्षित पाए जाएंगे, यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें। साथ ही यात्रियों से कहा गया है कि वे प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बारिश और भूस्खलन को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और सड़क मार्गों को सुरक्षित बनाने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

सरकार का कहना है कि मौसम की स्थिति में सुधार और यात्रा मार्गों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके