
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मोहब्बेवाला क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार ट्रक आशारोड़ी की ओर से देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला ढाल के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलट गया।


इसी दौरान वहां से गुजर रहा बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पटेलनगर कोतवाली और क्लेमेनटाउन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।


सड़क पर पलटे ट्रक और बिखरे सामान के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने यातायात को सुचारु करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की और क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाने का काम शुरू कराया। हादसे के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाला गया।




पुलिस ने मृतक की पहचान और घायल की स्थिति से संबंधित जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रक चालक और मौके की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
मोहब्बेवाला में हुए इस हादसे के बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था संभालने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक हटाए जाने के बाद यातायात को सामान्य कराने के प्रयास जारी रहे।

